RSS का चहेता और सबसे बड़ा आदिवासी चेहरा, जानें कौन हैं नए सीएम विष्णुदेव साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रचंड दर्ज की है। राज्य में भाजपा की जीत के बाद लंबे समय से मुख्यमंत्री के चेहरे के लिए जारी मंथन रविवार को थम गया। पार्टी ने विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) को राज्य का कमान सौंप दिया है। साय कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के अपने सबसे निकटतम प्रतिद्वंदी यूडी मिंज को 25541 वोटों के अंतर से मात दी है। विष्णुदेव साय को चुनाव में 87604 वोट मिले हैं।

संभाल चुके हैं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कमान

कुनकुरी से आने वाले विष्णुदेव साय आदिवासी समाज से आते हैं। भाजपा ने साल 2020 में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का कमान सौंपा था। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री बनने वाले विष्णुदेव साय चार बार सांसद, दो बार विधायक, केंद्रीय राज्य मंत्री और दो बार प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उन्हें संगठन में काम करने का अच्छा खासा अनुभव है। साय की गिनती संघ के करीबी नेताओं में भी होती है। वह पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेहद करीबी भी माने जाते हैं। साल 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद उन्हें केंद्रीय मंत्री भी बनाया गया था। मालूम हो कि राज्य में अजित जोगी के बाद कोई भी दूसरा आदिवासी समुदाय से मुख्यमंत्री नहीं बना था।

किसान परिवार में हुआ था जन्म

विष्णु देव साय का जन्म 21 फरवरी 1964 को जशपुर जिले के बगिया गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई कुनकुरी स्थित लोयोला हायर सेकेंडरी स्कूल से की है। साय का राजनीतिक कैरियर सरपंच के तौर पर शुरू हुआ। जहां वे बगिया गांव के निर्विरोध सरपंच चुने गए।

25 हजार से ज्यादा वोट से जीता चुनाव

विष्णुदेव साय कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने 25,541 वोट के अंतर से यह चुनाव जीता है। विष्णुदेव साय को चुनाव में 87604 वोट मिले हैं। मालूम हो कि छत्तीसगढ़ की 90 में से 54 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस महज 35 सीटों पर ही सिमट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *