दुनिया के सबसे रहस्यमय ‘दानव’ की खोज में फिर जुटे वैज्ञानिक, 50 सालों से बना है राज

ये तो जगजाहिर है कि इस धरती से विशालकाय डायनासोर खत्म हो चुके हैं. अब उनका कोई अस्तित्व नहीं है. हालांकि उनके विशालकाय अवशेष धरती के कोने-कोने से अक्सर मिलते रहते हैं. खैर, ये तो धरती पर रहने वाले जानवर थे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में एक ऐसी झील भी है, जिसको लेकर दावा किया जाता है कि उसमें डायनासोर की तरह ही एक विशालकाय जीव रहता है, जो समय-समय पर दिखता रहता है. इस झील का नाम है लोच नेस, जो स्कॉटलैंड में है. इस झील के नाम पर ही लोगों ने उस रहस्यमय ‘दानव’ का नाम भी ‘लोच नेस मॉन्स्टर’ रख दिया है.

अब खबर है कि इस रहस्यमय ‘दानव’ की एक बार फिर से खोज शुरू होने वाली है, जिसे अब तक का सबसे बड़ा ‘लोच नेस मॉन्स्टर सर्च अभियान’ माना जा रहा है. इससे पहले साल 1972 में इस रहस्यमय जीव को ढूंढने के लिए सर्च अभियान चला था. उन्होंने झील का कोना-कोना छान मारा था, लेकिन उस जीव का कुछ पता नहीं चला था. वह रहस्यमय तरीके से कहीं गायब हो गया था. हालांकि तब सुविधाएं उतनी आधुनिक नहीं थीं, जितनी कि आज हैं, ताकि उस जीव को खोजा जा सकता.

ड्रोन कैमरे का होगा इस्तेमाल

डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार के लोच नेस मॉन्स्टर सर्च अभियान में आधुनिक ड्रोन का इस्तेमाल होगा, जो इन्फ्रारेड कैमरे से लैस होगा. इसकी खासियत यह होगी कि ये ऊपर से ही पानी के अंदर ही साफ-साफ तस्वीरें खींच लेगा. इतना ही नहीं, पानी के अंदर ध्वनि संकेतों के जरिये भी उस ‘दानव’ का पता लगाया जाएगा.

आखिर क्या है ये जीव?

कहा जाता है कि साल 1933 में पहली बार इस ‘जल दानव’ को देखा गया था. कुछ लोग उसे ड्रैगन कहते हैं तो कुछ प्रागैतिहासिक काल का राक्षस तो कुछ समुद्री सांप भी कहते हैं. कुछ लोगों का ये भी मानना है कि वो जीव प्लेसीओसॉर था, एक समुद्री सरीसृप, जो करोड़ों साल पहले धरती से विलुप्त हो गया था. हालांकि कुछ लोग इस जीव को महज अफवाह मानते हैं, पर सच्चाई क्या है, ये तो अब तक रहस्य ही बना हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *