गड्डियों से भरा ‘छोटा हाथी’ पलटा और सड़क पर बिखर गए 7 करोड़ रुपये…

हैदराबाद। आंध्र प्रदेश में शनिवार को एक बार फिर भारी मात्रा में नकदी जब्त की गई है. इससे पहले शुक्रवार को भी एनटीआर जिले में 8 रुपये जब्त किए गए थे. मामला राज्य के पूर्वी गोदावरी जिले का है जहां सात गत्ते की पेटियों में सात करोड़ रुपये छिपाकर ले जाए जा रहे थे. दरअसल नल्लाजर्ला मंडल के अनंतपल्ली में एक लॉरी की टक्कर से एक टाटा ऐस (TATA ACE) वाहन पलट गया और यहीं से भेद खुल गया.

स्थानीय लोगों ने देखा कि उस वाहन में बोरों के बीच नकदी के 7 गत्ते के बक्से ले जाए जा रहे हैं और उन्होंने पुलिस को सूचित किया. जब्त की गई रकम करीब 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है. यह घटना तब हुई जब वाहन विजयवाड़ा से विशाखापत्तनम की ओर जा रहा था. हादसे का शिकार हुए टाटा ऐस वाहन के चालक को चोटें आईं हैं और उसे इलाज के लिए गोपालपुरम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इससे पहले शुक्रवार को भी आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली थी. पुलिस ने यहां चेकिंग के दौरान पाइप से लदे ट्रक से करीब 8 करोड़ रुपए की नकदी बरामद की. पुलिस ने ट्रक और पैसों को जब्त करने के साथ-साथ उसमें सवार दो लोगों को भी हिरासत में ले लिया है.

हैदराबाद से गुंटूर ले जाई जा रही थी रकम

पुलिस के मुताबिक नोटों का जखीरा एनटीआर जिले में गरिकापाडु चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया. बताया जा रहा है कि पैसे पाइप से लदे एक ट्रक में अलग केबिन के अंदर रखे गए थे. जग्गैयापेट के सर्किल इंस्पेक्टर चंद्र शेखर ने घटना की पुष्टि की है. इस रकम को हैदराबाद से गुंटूर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने बताया कि वह इस राशि को जिला जांच टीमों को सौंप देंगे और आगे की कार्रवाई चुनाव आयोग के अधिकारी और फ्लाइंग स्क्वाड की टीम करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *