भाजपा में एक बार फिर बढ़ने वाली है हलचल

देहरादून : भाजपा नेताओं को सरकार में दायित्व बंटवारे से पहले सूची बनाने का काम शुक्रवार को अंतिम चरण में पहुंच जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश प्रभारी की प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के साथ होने वाली बैठक में दायित्व को लेकर चर्चा होगी। इस दौरान सरकार में एडजस्ट होने वाले भाजपा नेताओं की सूची को भी अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी हाेंगे।

भाजपा नेताओं को सरकार में होली से पहले दायित्व दिए जाने की चर्चा है। इसके लिए पार्टी संगठन लम्बे समय से तैयारी कर रहा है। दायित्व के दावेदारों के आवेदन और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की सूची प्रदेश संगठन की ओर से तैयार की जा चुकी है। लेकिन शुक्रवार को इस सूची पर एक बार फिर मंथन और और प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि संगठन की ओर से दो सौ के करीब नेताओं की सूची बनाई गई है। अब शुक्रवार को इस संदर्भ में एक बार फिर चर्चा होगी और फिर उसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा जाएगा। दायित्व वितरण को लेकर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री धामी करेंगे और पहले चरण में किन व कितने नेताओं को दायित्व दिए जाएंगे इसका निर्धारण भी मुख्यमंत्री धामी करेंगे।

इस बारे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि सरकार में दायित्व को लेकर भाजपा नेताओं की सूची तैयार है और प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में उसे अंतिम रूप दिया जाएगा। जल्द यह सूची मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपी जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *