अश्विन के नाम दर्ज हैं ये बड़े रिकॉर्ड, 14 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा

नई दिल्ली। अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से तुरंत प्रभाव से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। सीमित ओवरों के फॉर्मेट में वह 2011 विश्व कप और 2013 चैम्पियंस ट्रॉफी विजेता टीम का हिस्सा थे। अश्विन 14 साल तक भारतीय टीम के लिए खेले।

भारतीय टीम के महान स्पिनर अश्विन ने भारत के लिये अनिल कुंबले (619 विकेट) के बाद 106 मैचों में सर्वाधिक 537 टेस्ट विकेट लिये हैं। अश्विन ने भारत के लिए 106 टेस्ट मैच खेले। वह टेस्ट इतिहास में 7वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। 38 वर्षीय अश्विन ने भारत के लिये 116 वनडे खेलकर 156 विकेट लिये, जबकि 65 टी20 में 72 विकेट चटकाये। उन्होंने 2010 में वनडे में और 2011 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था।

अश्विन इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के दूसरे और दुनिया के 11वें गेंदबाज हैं। उन्होंने 287 मैचों में 765 विकेट लिए हैं। अनिल कुंबले सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। कुंबले के नाम 953 विकेट है।

अश्विन 65 मैचों में 383 विकेट के साथ भारत में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं। अश्विन ने 41 मैचों में 195 विकेट लिए हैं।

अश्विन ने अपने टेस्ट करियर में कुल 37 बार पांच या उससे अधिक विकेट चटकाए हैं। वह इस लिस्ट में शेन वॉर्न के साथ संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर हैं। मुथैया मुरलीधरन शीर्ष पर हैं। अश्विन (537 विकेट) टेस्ट क्रिकेट में मुथैया मुरलीधरन (800), शेन वार्न (708) और अनिल कुंबले (619) के बाद चौथे सबसे सफल स्पिनर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *