टीम इंडिया के प्रदर्शन से खुश हुआ ये राज्य, अगले 10 वर्षों तक देगी हॉकी को संरक्षण

नई दिल्ली l तोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीत इतिहास रचने वाली पुरुष टीम और चौथे नंबर पर रहने वाली महिला हॉकी टीम का ओडिशा सरकार ने सम्मान किया। इस खास मौके पर सीएम नवीन पटनायक ने अगले 10 वर्षों तक हॉकी टीम को संरक्षण (स्पॉन्सर) देने का ऐलान किया। बता दें कि इससे पहले दोनों टीमों का ओडिशा में शानदार स्वागत किया गया था।

भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर दोनों टीमों का स्वागत करने के लिए प्रदेश के खेलमंत्री टी के बहेड़ा और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की मौजूद थे। ओलिंपिक नायकों का स्वागत करने के लिए पूरे शहर में पोस्टर, बैनर और होर्डिंग लगाए गए हैं। शंखनाद, फूलमालाओं और टीका लगाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इसके अलावा ओडिशा के पारंपरिक और लोक नृत्य समूहों ने कार्यक्रम पेश किए।

शहर के लोग भी सड़कों के दोनों ओर खिलाड़ियों के स्वागत के लिये जमा थे। ओडिशा सरकार 2018 से भारतीय हॉकी टीमों की आधिकारिक प्रायोजक है। पुरुष टीम ने तोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद भारत के लिए पदक जीता । वहीं महिला टीम सेमीफाइनल तक पहुंची।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *