भारतीय सीनियर बैडमिंटन टीम में शामिल हुई उत्तराखंड की बेटी, भारत का करेंगी प्रतिनिधित्व

हल्द्वानी l द्वाराहाट की बैडमिंटन खिलाड़ी अदिति भट्ट को भारतीय सीनियर बैडमिंटन टीम में चुन लिया गया है और अब वह विदेश में जाकर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अदिति भट्ट जूनियर युगल वर्ग में देश की नंबर एक व एकल में तीसरे स्थान की खिलाड़ी हैं। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए अब उनको भारतीय सीनियर टीम में जगह मिल गई है। उत्तरांचल बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अदिति भट्ट ने हैदराबाद में आयोजित ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय सीनियर टीम में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।

अल्मोड़ा की अदिति भट्ट के अंदर बचपन से ही बैडमिंटन के प्रति प्रेम था और इसी को देखते हुए अदिति ने बैडमिंटन खेलना शुरू कर दिया था। अंडर-10 वर्ग से ही वे बैडमिंटन के सफर पर निकल पड़ीं और उन्होंने अल्मोड़ा स्टेडियम में कोच डीके सेन से प्रशिक्षण लिया। उनके पिता मनोज भट्ट केंद्र सरकार के वित्त विभाग में कार्यरत हैं। उनकी माता पूनम भट्ट गृहिणी हैं। सीनियर टीम में सलेक्शन के बाद अब अदिति भट्ट अब आने वाले महीनों में लगातार विदेश में होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेकर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

अदिति भट्ट आने वाली 26 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच फिनलैंड में आयोजित होने वाले सुदिर्मान कप में भाग लेंगी। फिर 9 से 17 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले थामस व उबेर कप में भाग लेंगी। अदिति तैयारी हेतु पुलेला गोपीचंद अकादमी हैदराबाद में 13 से 21 सितंबर तक कोचिंग कैंप में हिस्सा लेंगी। अदिति भट्ट अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच डीके सेन एवं अपने माता-पिता को देती हैं। सैकड़ों राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक अर्जित कर चुकीं अदिति के सीनियर टीम में सिलेक्शन के बाद से उनके क्षेत्र समेत पूरे परिवार में खुशी की लहर छा गई है।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *