महिला सांसद की शिकायत पर बीजेपी ने इस पूर्व विधायक को किया पार्टी से निलंबित

लखनऊ l प्रयागराज की भाजपा सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी का मकान जलाने के आरोपी बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू की सदस्यता भाजपा ने  सातवें दिन ही निरस्त कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के दखल के बाद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार शाम जितेंद्र सिंह की सदस्यता निरस्त करने का निर्णय किया।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में 4 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जितेंद्र सिंह को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई गई थी। डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने मुखर होकर बबलू को पार्टी में शामिल करने का विरोध किया था। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से 7 अगस्त को लखनऊ में मुलाकात के दौरान भी जितेंद्र सिंह को पार्टी में शामिल करने का विरोध करते हुए सदस्यता निरस्त करने की मांग की थी।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने भी खुले तौर पर बबलू को पार्टी में शामिल करने के निर्णय को अनुचित बताया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की अध्यक्षता में 7 अगस्त को आयोजित प्रदेश सरकार के मंत्रियों, वरिष्ठ सांसदों और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में भी खराब छवि वाले लोगों को पार्टी में शामिल नहीं करने का मुद्दा उठाया गया था। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जितेंद्र सिंह की सदस्ता समाप्त की गई है।

रीता बहुगुणा का मकान जलाने के आरोपी है जितेंद्र सिंह
17 जुलाई 2009 को प्रदेश कांग्रेस की तत्कालीन अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के सरोजनी नायडू मार्ग हुसैनगंज स्थित आवास में आग लगाई गई थी। इसमें बसपा के तत्कालीन विधायक जितेंद्र सिंह बबलू और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री इंतिजार आब्दी सहित कई लोगों के नाम मुकदमा दर्ज किया गया था। डॉ. जोशी इस समय प्रयागराज से भाजपा सांसद हैं। उनका मकान जलाने के आरोपी को पार्टी में शामिल करने का मामला तूल पकड़ने के बाद आज उन्हें पार्टी के बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी बबलू को पार्टी में शामिल करने का प्रयास किया गया था। लेकिन उच्च स्तर पर विरोध के जलते ज्वाइनिंग नहीं हो सकी थी।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *