ब्रिक्‍स समिट में ऐसा क्‍या बोले पीएम मोदी, कि मुस्‍कुराने लगे जिनपिंग, पुतिन और दूसरे शीर्ष नेता!

नई दिल्ली l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 13वें ब्रिक्‍स समिट की अध्‍यक्षता की। डिजिटल माध्‍यम से हुई इस बैठक में समूह के पांच देशों के राष्‍ट्राध्‍यक्षों ने हिस्‍सा लिया। इनमें ब्राजील, रूस, चीन, भारत और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। बैठक में अफगानिस्‍तान संकट, कोरोना की महामारी से लेकर आपसी सहयोग और समन्‍वय बढ़ाने तक कई मसलों पर बातचीत हुई। बैठक खत्‍म होने पर पीएम मोदी ने कुछ ऐसा कहा जिस पर सभी शीर्ष नेता मुस्‍कुराने लगे। प्रधानमंत्री बोले कि ऑनलाइन ही सही डिजिटल ग्रुप फोटो तो बनती ही है। इसके लिए उन्‍होंने अपना ईयरफोन निकालने के बाद सभी देशों के प्रमुखों से भी यही अनुरोध किया। सभी राष्‍ट्राध्‍यक्षों को इस बात ने गुदगुदाया और उन्‍होंने अपने-अपने ईयर फोन उतारकर एक ग्रुप फोटो दी।

सम्मेलन में पीएम मोदी ने समूह की अब तक की उपलब्धियों पर प्रशंसा जाहिर की। उन्‍होंने कहा कि समूह ने पिछले डेढ़ दशक में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। आज यह समूह विश्व की उभरती अर्थव्यवस्थाओं के लिए एक प्रभावी आवाज बन गया है। उन्होंने अगले 15 साल में इस समूह को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

मोदी ने कहा कि ब्रिक्स शिखर वार्ता की 15वीं वर्षगांठ पर इस प्रभावी समूह की अध्यक्षता करना भारत के लिए खुशी की बात है। भारत की अध्यक्षता के दौरान सभी सदस्य देशों की ओर से किए गए सहयोग के लिए उन्होंने आभार जताया। बैठक के एजेंडे पर सहमति बनाने का आग्रह भी किया।

उन्होंने कहा, ‘पिछले डेढ़ दशक में ब्रिक्स ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। आज हम विश्व की उभरती अर्थव्यवस्थाओं के लिए एक प्रभावी आवाज हैं। विकासशील देशों की प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए भी यह मंच उपयोगी रहा है।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब यह सुनिश्चित करना है कि ब्रिक्स अगले 15 वर्षों में और परिणामदायी हो। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी अध्यक्षता के लिए जो विषयवस्तु (थीम) चुनी है, वह इसी प्राथमिकता को दर्शाती है। इस बार शिखर सम्मेलन की थीम ‘ब्रिक्स@15: इंट्रा-ब्रिक्स कोऑपरेशन फॉर कंटीन्यूटी, कॉन्सॉलिडेशन एंड कंसेन्सस’ है।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *