नेता मंच से दे रही थीं भाषण, RLD नेता ने बंद कर दी माइक, हुई थप्पड़बाजी

बागपत l उत्तर प्रदेश के बागपत में राष्ट्रीय लोक दल की आशीर्वाद रैली में महिला जिलाध्यक्ष के साथ बदतमीजी के बाद जमकर हंगामा हुआ। दरअसल बड़ौत के जनता वैदिक कॉलेज में रालोद की तरफ से बुलाई गई आशीर्वाद पथ रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के आने से पहले ही मंच पर खूब हंगामा देखने को मिला।

जानकारी के मुताबिक आशीर्वाद रैली के लिए दो मंच बनाए गए थे। जिसमें मुख्य मंच पर जयंत चौधरी को बैठना था। वहीं मुख्य मंच पर बैठने के लिए महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रियवंदा तोमर का नाम तो था लेकिन जिलाध्यक्ष रेणु तोमर का नाम नहीं था। ऐसे में जिलाध्यक्ष जगपाल तैवतिया ने रेणु तोमर को मुख्य मंच पर जाने से रोक दिया। इसी लेकर हंगामा शुरू हो गया।

इस बीच रेणु तोमर जब माइक पर अपनी बात कहने लगीं तो उनका माइक बंद कर दिया गया। महिला पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि जिलाध्यक्ष जगपाल तैवतिया ने रेणु तोमर को मंच पर अपमानित किया और कार्यक्रम स्थल से चले जाने को कहा।

बता दें कि जब वह मंच से जाने लगी तो कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें मनाने की कोशिश की। जिसपर उनके पति और कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। मामले में जिलाध्यक्ष जगपाल तैवतिया पर अभद्रता का आरोप लगा है। वहीं खुद के अपमानित होने के चलते रेणु तोमर ने मामले के पांच घंटे बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

बता दें कि पश्चिमी यूपी में आरएलडी का अच्छा प्रभाव माना जाता है। ऐसे में यूपी 2022 विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस की निगाहें आरएलडी के साथ गठबंधन पर लगी हुई हैं। हालांकि इसमें सपा और आरएलडी के बीच गठजोड़ तय माना जा रहा है लेकिन सीटों को लेकर कोई फैसला नहीं हो पाया है। इस बीच रविवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर जयंत चौधरी और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के बीच हुई मुलाकात से सपा सतर्क नजर आ रही है।

गौरतलब है कि यूपी में तमाम राजनीतिक समीकरणों के बीच सोमवार को अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि वो 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। बता दें कि अखिलेश अभी आजमगढ़ से सपा के लोकसभा सांसद हैं।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *