हेलिकॉप्टर विवाद पर बोले पीएम मोदी- युवराज के लिए मुझे उड़ान भरने से रोका गया था

जालंधर l पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को चंडीगढ़ से होशियारपुर के लिए उड़ान भरने से रोकने पर छिड़े विवाद के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने 2014 के ऐसे ही एक मामले का जिक्र कर कांग्रेस पर तंज कसा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 के आम चुनावों में उन्होंने (कांग्रेस) मेरा हेलिकॉप्टर रोक लिया था। इसकी वजह यह थी कि उनके युवराज को पंजाब के ही किसी हिस्से में विजिट करना था। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘2014 का जब चुनाव था, मैं गुजरात में सीएम था। भाजपा ने मुझे पीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया था। मैं देश भर में प्रचार के लिए दौड़ रहा था। एक दिन मुझे पठानकोट आना था और वहां से हेलिकॉप्टर लेकर हिमाचल के दौरे पर जाना था।’

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आप हैरान हो जाएंगे कि कांग्रेस के नामदार यानी उनके युवराज उनका भी उस दिन अमृतसर के आसपास कोई कार्यक्रम था और उसके लिए मेरे हवाई जहाज को उड़ने नहीं दिया गया। मुझे पठानकोट पहुंचने में एक से डेढ़ घंटे की देरी हुई। इसके बाद फिर पठानकोट से उड़ान नहीं भरने दिया गया। इसके चलते मेरे हिमाचल के दो कार्यक्रम कैंसिल हो गए। विपक्ष को इस तरह परेशान करना कांग्रेस की नीति रही है।’ पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये वो लोग हैं, डो सर्जिकल स्ट्राइक पर सेना से सबूत मांग रहे थे और पाकिस्तान से दोस्ती कर रहे थे।

जालंधर में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब सीमावर्ती राज्य है। इसलिए इसकी सुरक्षा देश की एकता और अखंडता के लिए अहम है। पंजाब को ऐसी सरकार की जरूरत है, जो देश की सुरक्षा के लिए मजबूती के साथ कदम उठाए। कांग्रेस का इतिहास गवाह है कि वह कभी पंजाब की सुरक्षा के लिए काम नहीं कर सकती। जो काम करना भी चाहता है, उनके आगे रोड़े खड़े कर देती है। कांग्रेस नेताओं के बयानों से भी पता चलता है कि कैप्टन साहब को क्यों हटाया गया। उन्होंने खुद कहा कि पंजाब को हम नहीं चलाते थे बल्कि भारत सरकार चला रही थी। इसका मतलब यह हुआ कि दिल्ली की सारी सरकारें रिमोट कंट्रोल से चलती हैं। लेकिन कैप्टन साहब ने भारत सरकार के साथ मिलकर काम किया तो उन्हें हटाने दिया गया।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *