भारत जोड़ो यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष के सामने कांग्रेसियों में मारपीट, लहराई रिवाल्वर

मथुरा। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा मथुरा में विवादों में फंस गई। यात्रा के तीसरे दिन प्रदेश अध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। यहां स्वागत को लेकर कांग्रेसियों में मंच पर मारपीट हो गई। आंखों के सामने मारपीट से प्रदेश अध्यक्ष असहज हो गए। यहां सभा शुरू होने से पहले खत्म हो गई। यहां से यात्रा शहर भ्रमण को निकली, तो युवा कांग्रेसी सड़क पर भिड़ गए। यहां युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम ने रिवाल्वर निकाल कोतवाली के सामने लहराई, इससे सड़क पर भगदड़ मच गई।

बरेली से शुरू हुई थी भारत जोड़ो यात्रा

बरेली से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा सोमवार देर शाम मथुरा पहुंची थी। प्रदेश अध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी यात्रा में शामिल हैं। बुधवार को यात्रा का समापन था। अप्सरा पैलेस में जनसभा थी। दोपहर करीब सवा एक बजे प्रदेश अध्यक्ष श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन कर अप्सरा पैलेस पहुंचे। यहां ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद स्वागत कार्यक्रम शुरू हुआ। एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष हरीश पचौरी कार्यकर्ताओं को प्रदेश अध्यक्ष से मिलवाने और स्वागत के लिए ले जा रहे थे। मंंच पर किसी बात को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता से उनकी नोकझोंक हो गई।

मंच पर ही हो गई मारपीट शुरू

मंच पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष यतेंद्र मुकद्दम और महानगर अध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी भी पहुंचे, तो दोनों में प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही जमकर मारपीट हुई। मारपीट देख प्रदेश अध्यक्ष ने जनसभा को संबोधित करने के बजाए सीधे शहर भ्रमण के लिए कार्यकर्ताओं से कहा। आगे-आगे यात्रा चलने लगी और पीछे सड़क पर फिर कांग्रेसी भिड़ गए। यहां पर हरीश पचौरी और यतेंद्र मुकद्दम के लोगों में हाथापाई होने लगी। कोतवाली के ठीक सामने यतेंद्र मुकद्दम ने अपनी रिवाल्वर निकाल ली और हवा में लहराई। इससे भगदड़ मच गई। सड़क पर जो लोग खड़े थे, वह भी भागने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *