‘कांग्रेस देश से और कम्युनिस्ट दुनिया में समाप्त हो गई’

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को त्रिपुरा के धर्मनगर में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान शाह ने विरोधी दलों को आड़े हाथ लिया। शाह ने कहा कि कम्युनिस्ट सरकार त्रिपुरा के कर्मचारियों को 5वें वेतन आयोग में समेटकर बैठी थी और बिप्लब भाई ने उनको 7वां वेतन आयोग दिया। कांग्रेस देश में समाप्त हो गई है और कम्युनिस्ट दुनिया में समाप्त हो गई है।

कम्युनिस्टों की सरकार में समस्याओं का हल नहीं हुआ
शाह ने आगे कहा, “2018 का चुनाव त्रिपुरा को कम्युनिस्टों के कुशासन से मुक्त कराने का चुनाव था। लगभग 3 दशक तक कम्युनिस्टों ने यहां शासन किया, लेकिन त्रिपुरा की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।” उन्होंने कहा कि आपका प्यार बताता है कि अगली सरकार बीजेपी की बनने वाली है। लगभग 3 दशक तक कम्युनिस्टों ने यहां शासन किया लेकिन त्रिपुरा की समस्याओं का समाधान नहीं किया।

उन्होंने कहा कि एक ऐसा त्रिपुरा बनाना है, जहां हर युवा को अपने ही राज्य में काम मिले, हर महिला को सुरक्षा मिले, हर जनजातीय समुदाय के लोगों को अपना अधिकार मिले। हमें ऐसा उन्नत, श्रेष्ठ और समृद्ध त्रिपुरा बनाना है। हमने अंधकार की जगह अधिकार दिया है, विनाश की जगह विकास दिया है, विवाद की जगह विश्वास दिया है, कुशासन की जगह सुशासन दिया है और दुविधा की जगह सुविधा देने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है।

अमित शाह जन विश्वास यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी
बता दें कि शाह गुरुवार दोपहर त्रिपुरा की राजधानी अगरतला पहुंचे। शाह को बुधवार शाम को यहां पहुंचना था, लेकिन घने कोहरे के कारण विमान की लैंडिंग गुवाहाटी में करानी पड़ी। अमित शाह जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।

50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता होंगे शामिल

जन विश्वास यात्रा उत्तरी त्रिपुरा के धर्मनगर और दक्षिण त्रिपुरा के सबरुम एक साथ शुरू होगी। सूत्रों के अनुसार, दोनों जगहों पर पहले दिन 50 हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। यह जन विश्वास रथ यात्रा कार्यकर्ताओं तक पहुंचने और 2018 में सरकार के गठन के बाद से भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को बताने के लिए सभी निर्वाचन क्षेत्रों में जाएगी। यात्रा को इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की एक प्लान के रूप में देखा जा रहा है। 12 जनवरी तक चलने वाली इस यात्रा में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *