पाकिस्तान कर रहा तनाव बढ़ाने की कोशिश, भारत ने दिया करारा जवाब

नई दिल्ली: भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्‍तान बुरी तरह से बौखला गया है. 07-08 मई की रात को, पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का इस्‍तेमाल करके भारत के कई शहरों पर हमले की कोशिश की. इसके बाद भारत ने उसके सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया. साथ ही पाकिस्‍तान की इस हरकत का भारत ने करारा जवाब दिया और पाकिस्‍तान के एयर डिफेंस सिस्‍टम को ध्‍वस्‍त करके पाकिस्‍तान को ये मैसेज दे दिया कि भारत उसकी नापाक हरकतों को बिल्‍कुल भी बर्दाश्‍त नहीं करेगा.

इन शहरों को निशाना बनाने की कोशिश

पाकिस्‍तान ने 07-08 मई की रात को अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया. भारत ने इन हमलों को यूएएस ग्रिड और एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा बेअसर कर दिया. इन हमलों के मलबे अब कई स्थानों से बरामद किए जा रहे हैं, जो पाकिस्तानी हमलों की पुष्टि करते हैं.

भारत ने भी दिया करारा जवाब

पाकिस्‍तान की इस नापाक हरकत का भारत ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया है. आज सुबह भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान के कई एयर डिफेंस रडार और सिस्टम्स को निशाना बनाया. विश्वसनीय रूप से पता चला है कि लाहौर में एक एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया गया है. बता दें, भारत ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उसने पाकिस्तान के किसी सैन्य मुख्यालय को निशाना नहीं बनाया था और अब भी भारत का मकसद युद्ध को बढ़ाना नहीं, बल्कि जवाब देना है.

एलओसी पर बढ़ी टेंशन

भारत-पाकिस्‍तान के बीच बढ़े इस तनाव से एलओसी पर भी टेंशन बढ़ गई है. सीमा पर लगातार फायरिंग हो रही है. पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी कैलिबर आर्टिलरी का इस्‍तेमाल करते हुए गोलीबारी की है. इस गोलीबारी में तीन महिलाओं और पांच बच्चों समेत सोलह निर्दोष लोगों की जान चली गई है. भारतीय सेना ने साफ किया है कि भारत युद्ध नहीं चाहता. लेकिन अगर उसकी सैन्य ठिकानों या नागरिकों पर हमला होता है, तो भारत जवाब देने में पीछे नहीं हटेगा. भारत की ओर से पाकिस्‍तान के गोला-बारूद का जमकर जवाब दिया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *